मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नगर पंचायत पटना में मतदान प्रक्रिया की जानकारी के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन त्रिपाठी के निर्देशन में कार्यशाला में मतदान प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। आगामी 11 फरवरी को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में मतदाताओं को इस बार दो अलग-अलग बैलेट यूनिट में वोट डालना होगा, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए सफेद और पार्षद पद के लिए गुलाबी रंग के चुनाव चिन्ह होंगे। वोट कैसे दें? मतदान प्रक्रिया में मतदाताओं को अपना पहचान पत्र दिखाना होगा। मतदान अधिकारी नाम की एंट्री करेंगे, तर्जनी उंगली में स्याही लगाएंगे और मतदान स्लीप देंगे। इसके बाद मतदाता बूथ में जाकर दो बार बटन दबाकर अपना वोट डाल सकेंगे – एक अध्यक्ष के लिए और एक पार्षद के लिए। बैलेट यूनिट में नोटा और इंड का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। EVM से वोट डालने की प्रक्रिया समझाई नगर पंचायत के 15 वार्डों में स्थापित मतदान केंद्रों पर यह व्यवस्था की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी उमेश पटेल ने बताया कि वार्ड स्तर पर आम नागरिकों को ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। मास्टर्स ट्रेनर्स को ट्रेनिंग दी गई कार्यशाला में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डी.डी. मंडावी और रिटर्निंग अधिकारी उमेश पटेल की उपस्थिति में मास्टर्स ट्रेनर्स ने एम-2 मशीन के बारे में मीडिया प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित किया।


