भास्कर न्यूज|गुमला गुमला नगर परिषद के कर्मियों का बकाया भुगतान एक-दो दिनों में कर दिया जाएगा। इसकी प्रकिया पूरी कर ली गई है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर नगर परिषद ने इसपर गंभीरता दिखाई। जिसका परिणाम है कि बकाया भुगतान को लेकर जरूरी प्रकिया तीव्र गति से पूरी की गई है। इससे कर्मियों में खुशी है। हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों का तेल का बकाया पैसा अब तक नहीं दिया जा सका है। जिस कारण पंप मालिक कभी भी तेल की आपूर्ति बंद कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि तेल के भुगतान के लिए एसडीओ के काउंटर हस्ताक्षर के बाद ही प्रकिया होगी, लेकिन गुरुवार दोपहर तक हस्ताक्षर नहीं हो पाने के कारण इस दिशा में कोई प्रगति नहीं देखी गई। दूसरी तरफ नगर परिषद अपने राजस्व वृद्धि को लेकर भी एक्टिव मोड में आ गया है। निजी व सरकारी सभी प्रकार के होल्डिंग टैक्स बकाएदारों को नोटिस निर्गत किया जा रहा है। कुछ बड़े बकाएदारों को गुरुवार को ही नोटिस जारी कर दिया गया है। शेष को जल्द ही नोटिस पहुंचा दिया जाएगा। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि नोटिस प्राप्ति के 30 दिनों के अंदर भुगतान सुनिश्चित करें। अन्यथा नियमावली के तहत प्रत्येक माह के लिए अतिरिक्त दंड की राशि वसूली जाएगी। नप के पास कई प्रकार की कार्रवाई का अधिकार है। जिसे लागू किया जाएगा। प्रशासक सारजेन मरांडी के अनुसार सरकारी व प्राइवेट मिलाकर दो करोड़ से अधिक का टैक्स बकाया है। जिसकी वसूली को लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। नोटिस निर्गत करने के दौरान सिटी मैनेजर हेलाल अहमद, स्पाइरो के रोहित कुमार व गौरव कुमार सहित अन्य लोग थे। मालूम हो कि बकाया भुगतान और नप की आर्थिक स्थिति को लेकर दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। जिसके बाद डीसी ने इसपर संज्ञान लिया है।


