धौलपुर नगर परिषद साधारण सभा की बैठक सोमवार को नगर परिषद ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। बैठक में बहुमत के आधार पर नए ट्रैक्टर खरीदने के साथ 250 हाथ गाड़ी खरीदने और कर्मचारियों की पदोन्नति पर विचार विमर्श किया गया। बैठक को लेकर नगर परिषद सभापति खुशबू सिंह ने बताया कि साधारण सभा की बैठक में बहुमत के आधार पर नए ट्रैक्टर खरीदने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर के किराए से नगर परिषद लोन की किस्त चुकाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान कुछ पार्षदों ने विरोध भी किया था। इसके बावजूद बहुमत के आधार पर ट्रैक्टर के साथ 250 हाथ गाड़ी खरीदने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि ढाई सौ नई हाथ गाड़ी खरीदने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था और भी दुरुस्त होगी। शहर की सीवरेज की समस्या को लेकर नगर परिषद सभापति ने बताया कि बैठक में नए एक्सईएन गुमान सिंह ने एक से डेढ़ महीने में सीवरेज की समस्या को खत्म करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में तबादला होकर आए गुमान सिंह पूर्व में धौलपुर रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें सीवरेज की समस्या को दूर करने में दिक्कत नहीं आएगी। बैठक के दौरान वार्डों के पार्षद और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें से कुछ पार्षद बैठक का विरोध कर चले गए।


