भास्कर न्यूज | जालंधर पूरे एक महीने तक रोजा रखने वाले रोजेदारों का इंतजार आखिरकार रविवार शाम खत्म हो गया, जब उन्हें आसमान में ईद का चांद नजर आया। इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। उधर, रविवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों का 29वां रोजा मुकम्मल हुआ। सोमवार यानी आज देशभर में ईद मनाई जाएगी। मस्जिदों से लेकर ईदगाह में तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। शहर की ईदगाह जामा मस्जिद सुबह आठ बजे नमाज अदा की जाएगी। वहीं जालंधर की सबसे बड़ी ईदगाह गुलाबदेवी रोड में सुबह नौ बजे ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। बीते दिन चांद दिखते ही बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। लोग नए कपड़े, मिठाइयां, सेवइयां और ईदी के लिए गिफ्ट खरीदने के लिए बड़ी संख्या में उमड़े। ईद को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह दिखा। इस दिन बच्चों को ईदी मिलने का इंतजार रहता है। नमाज के बाद लोग अल्लाह से दुनिया में अमन-शांति की दुआ करेंगे। पंजाब वक्फ बोर्ड के एस्टेट अफसर मोहम्मद गुलजार ने बताया कि ईदगाह का सारा निजाम पंजाब वक्फ बोर्ड के अंतर्गत चल रहा है। ईद की नमाज को लेकर फिल्लौर से वक्फ बोर्ड के इमाम मुरशिद आलम को जिम्मेदारी दी गई है जो ईद की नमाज पढ़ाएंगे। वहीं दूसरी तरफ मेन सिटी ईदगाह के प्रधान नासिर सलमानी की तरफ से भी ईद की नमाज को लेकर देर रात तक तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने निगम और पुलिस प्रशासन को तैयारियों संबंधी पत्र भी लिखा। ईद-उल-फितर का त्योहार सिर्फ खाने-पीने और नए कपड़े पहनने तक ही सीमित नहीं है। यह हमें गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख भी देता है। इसी वजह से ईद की नमाज से पहले सदका-ए-फितर (दान) देना जरूरी होता है। ईद के मौके पर खरीदारी करते लोग। ईदगाह गुलाब देवी रोड 9:00 बजे ईदगाह जामा मस्जिद 8:00 बजे ईदगाह कैंट 9:00 बजे मस्जिद फिरदौस 8:30 बजे मस्जिद-ए-कुबा खांबड़ा 8:45 बजे बिलाल मस्जिद 8:45 बजे मस्जिद हुसैनी 7:30 बजे मस्जिद कचहरी चौक 8:30 बजे मस्जिद रेलवे रोड 7:30 बजे मस्जिद रेलवे रोड 7:30 बजे मस्जिद सब्जी मंडी 8:00 बजे मस्जिद स्टेट 8:30 बजे मस्जिद नूरपुर 8:45 मस्जिद कंगनीवाल 8:00 बजे मस्जिद मुस्लिम कॉलोनी 8:30 बजे मस्जिद जनता कॉलोनी 8:45 बजे मस्जिद उमर दानिशमंद 9:00 बजे मस्जिद बूटा मंडी 9:45 बजे विश्वकर्मा मार्केट मदीना मस्जिद सुबह 8:30 बजे


