नड्डा के बयान पर बोले सिंहदेव-कार्रवाई कीजिए या माफी मांगिये:जांजगीर की रैली में झीरम हमले पर भाजपा अध्यक्ष के आरोपों पर सिंहदेव ने की मांग

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा जांजगीर-चांपा की रैली में दिए गए बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा है कि जेपी नड्डा के पास सबूत हैं तो देश के सामने रखिए व कार्रवाई कीजिए। अन्यथा इस तरह के बयानों के लिए आपको झीरम के शहीदों एवं कांग्रेस परिवार से माफी मांगनी चाहिए। पूर्व डिप्टी सीएम ने अपना वीडियो सोशल मीडिया “X” पर पोस्ट किया है। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में आयोजित रैली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा था कि झीरम घाटी कांड में कांग्रेस के लोग ही अपनों के मरवाने के लिए नक्सलियों के संपर्क में थे। सिंहदेव ने अपने बयान में कहा है कि जेपी नड्डा द्वारा जांजगीर में दिया गया बयान बेहद आश्चर्यजनक और दुखद है। एक केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर होकर आप कह रहे हैं कि आप जानते हैं कि झीरम घाटी हमले में कौन शामिल था? यदि आपको जानकारी है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? नाकाबिल सरकार रक्षा करने में विफल रही
सिंहदेव ने कहा है कि नड्डा जी, आपने रक्षक की बात कही, लेकिन शायद आप भूल गए कि उस समय “रक्षक” कौन था?
उस वक्त प्रदेश में डा. रमन सिंह की सरकार थी। सुरक्षा बल और पुलिस तंत्र सीधे आपके अधीन थे। एक “नाकाबिल सरकार” अपने ही लोगों की रक्षा करने में विफल रही। सिंहदेव ने सवाल किया है कि इतनी भीषण हत्या को महज राजनीति का विषय बनाना और जानकारी होने का दावा करने के बावजूद चुप रहना, क्या यह न्यायसंगत है? कार्रवाई करिये या माफी मांगिए
सिंहदेव ने कहा है कि यदि आपके पास सबूत हैं, तो देश के सामने रखिए और कार्रवाई कीजिये। अन्यथा, इस तरह के बयानों के लिए आपको झीरम के शहीदों और कांग्रेस परिवार से माफी मांगनी चाहिए। सिंहदेव ने कहा है कि झीरम का सच सामने आना ही चाहिए, लेकिन राजनीति के लिए शहीदों के अपमान को छत्तीसगढ़ स्वीकार नहीं करेगा। परिवर्तन यात्रा के संयोजक थे सिंहदेव
झीरम घाटी जिस परिवर्तन यात्रा में शामिल कांग्रेस नेताओं पर हुआ था, सिंहदेव उस परिवर्तन यात्रा के संयोजक थे और हमले के कुछ देर पहले ही वे झीरम घाटी से होकर अगले प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी देखने निकले थे। कुछ देर बाद ही उन्हें झीरम में भीषण नक्सली हमले की जानकारी मिली थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *