नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र में तूमड़ा गांव में रविवार शाम को नदी पार करते समय एक किसान डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम बाबूलाल मेघवाल है। इनकी उम्र 55 साल थी। बाबूलाल उर्फ अमृतराम पैदल गोपालपुरा से तूमड़ा जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे वह नदी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। तेज बहाव में उनका पैर फिसल गया। वह संभल नहीं पाए और नदी के गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां जमा हो गए। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर काफी प्रयास के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। एंबुलेंस नहीं पहुंच पाने के कारण शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली से मनासा के शवगृह ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


