‘नदी बचाओ आंदोलन’ में कांग्रेस ने कराया छात्राओं से प्रदर्शन:स्कूल प्रबंधन पर बच्चियों को जबरन भेजने का आरोप, अब होगी जांच

उमरिया जिले के मानपुर क्षेत्र में स्थित पडवार शासकीय हाई स्कूल के बच्चों को बिना अनुमति धरना स्थल पर भेजे जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही राजस्व और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को वापस स्कूल भेजा। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। यह घटना शनिवार को हुई, जब पडवार क्षेत्र के पास हलफल नदी तट पर कांग्रेस द्वारा अवैध रेत उत्खनन के विरोध में ‘नदी बचाओ आंदोलन’ के तहत धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। आरोप है कि इसी प्रदर्शन में शासकीय हाई स्कूल के बच्चों को स्कूल प्रबंधन द्वारा बिना किसी अनुमति के भेज दिया गया था। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम मानपुर हरनीत कौर ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. मरावी ने बताया कि स्कूल के प्रभारी प्राचार्य द्वारा बच्चों को धरना स्थल पर भेजने के मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। इस जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है। प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को राजनीतिक या अन्य धरना-प्रदर्शन में बिना अनुमति शामिल कराना एक गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *