भास्कर न्यूज | चित्तरंजन स्कूल जाने के नाम पर घर से निकला एक दसवीं कक्षा का छात्र नुनी नदी में नहाते समय लापता हो गया। घटना आसनसोल के धादका ब्लू फैक्ट्री के पास स्थित नुनी नदी की है। लापता छात्र की पहचान शेख इमरान अंसारी के रूप में हुई है, जो रेलपार इलाके का निवासी है। इमरान सोमवार सुबह स्कूल बैग लेकर निकला था, लेकिन स्कूल न जाकर अपने चार दोस्तों के साथ नदी में नहाने चला गया। भारी बारिश के कारण नदी में तेज बहाव था और वह हिस्सा काफी गहरा भी था। नहाते वक्त इमरान का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में बह गया। शुरुआत में दोस्तों को लगा वह तैर रहा है, लेकिन कुछ ही देर में उन्हें स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ और उन्होंने शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दोपहर तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिला था। इस घटना ने इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इससे पहले भी वहां हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था नहीं लगाई गई है। अब लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं दोहराई न जाएं।


