भास्कर न्यूज| अमृतसर होली हार्ट प्रेजीडेंसी स्कूल के ऑडीटोरियम में सुपर किड्ज (केजी विंग) द्वारा वार्षिक उत्सव ‘रिश्तों की डोर का आधार: परिवार’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में नन्हे बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों की गरिमा का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बच्चों के आत्मविश्वास और स्कूल के ‘वर्क-कल्चर’ की सराहना की। स्कूल के चेयरमैन विजय सेठ, डायरेक्टर अंजना विजय सेठ, विक्रम सेठ और प्रिंसीपल शिल्पा विक्रम सेठ ने अतिथियों का स्वागत किया। नन्हें कलाकारों ने ‘नाना-नानी’, ‘पापा जल्दी आ जाना’ और मां को समर्पित गीतों से दर्शकों को भावुक कर दिया। भाई-बहन के प्रेम और शिक्षक-शिष्य के रिश्ते पर आधारित कोरियोग्राफी ने रिश्तों की अहमियत को बखूबी दर्शाया। प्रिंसीपल शिल्पा विक्रम सेठ ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को आधुनिकता के साथ-साथ मानवीय मूल्यों और रिश्तों का आदर करना सिखाएं। शैक्षणिक और खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।


