नपा अध्यक्ष विनोद मालवी 6 साल के लिए निष्कासित:छिंदवाड़ा में बीजेपी ने की कार्रवाई, कमीशन का ऑडियो आया था सामने

छिंदवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में डोंगर परासिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद मालवी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर की गई। पार्टी का कहना है कि मालवी की गतिविधियों से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया। जिलाध्यक्ष का आदेश, तत्काल प्रभाव से लागू भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा जारी पत्र क्रमांक BJP/CWA/727, दिनांक 31 जनवरी 2026 में निष्कासन की पुष्टि की गई है। पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। साथ ही यह भी कहा गया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किन शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई? प्रदेश अध्यक्ष के पास अलग-अलग स्तर से की गई शिकायतों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। शिकायतों में कथित रूप से कमीशन से जुड़े ऑडियो, एक स्थानीय भाजपा नेता की जासूसी कराने के आरोप, पारिवारिक ऑडियो वायरल करने का मामला और आपत्तिजनक ऑडियो सामने आने जैसी बातें शामिल बताई गई हैं। इन मामलों को लेकर पूर्व में कई लिखित शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। बताया गया कि स्थानीय भाजपा नेता अनुज पाटकर ने अपने ऊपर जासूसी कराने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। वहीं नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष महेश सोमकुंवर ने भी कथित कमीशन के आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी थी। ऑडियो में पूर्व जिला महामंत्री का नाम, कार्रवाई के संकेत कमीशन से जुड़े एक कथित ऑडियो में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवी के साथ भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री परमजीत सिंह की बातचीत सामने आने की बात कही गई है, जिसकी शिकायत भी की गई थी। सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण में अब कार्रवाई की तलवार परमजीत सिंह पर भी लटक रही है। प्रदेश स्तर पर उनके खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं। राजनीतिक हलकों में हलचल तेज नगर पालिका अध्यक्ष के निष्कासन के बाद छिंदवाड़ा जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस फैसले का स्थानीय सियासत पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *