कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित आर्मी स्टेशन हेडक्वार्टर के 3 नंबर गेट परिसर में सफाई कार्य के दौरान एक सफाई कर्मी को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नयापुरा मुक्ति मार्ग हरिजन बस्ती निवासी 57 वर्षीय रामू पहलवान वाल्मीकि के रूप में हुई है। राजाराम कर्म योगी ने बताया कि रामू पहलवान प्रतिदिन की तरह सुबह आर्मी स्टेशन हेडक्वार्टर में सफाई कार्य करने पहुंचे थे। इसी दौरान सफाई करते-करते अचानक झाड़ू हाथ में लिए हुए जमीन पर गिर पड़े। घटना को देख वहां मौजूद आर्मी के जवानों ने तुरंत उन्हें आर्मी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आर्मी प्रशासन द्वारा घटना की सूचना नयापुरा थाना पुलिस और परिजनों को दी गई। परिजनों के आग्रह पर रामू पहलवान को एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने भी उन्हें मृत घोषित कर दिया। नयापुरा थाना पुलिस ने मृतक के शव को एमबीएस हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम रूम में भिजवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सुपुर्द किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


