नयापुरा मुक्तिधाम में अस्थियां चोरी:दो दिनों में दूसरी घटना, तांत्रिक क्रियाओं के निशान से फैला आक्रोश

कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम से एक बार फिर अस्थियां चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि बीते दो दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है, जिससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ताजा मामला 8 जनवरी को निधन हुई महिला मोहिनीबाई से जुड़ा है। शनिवार को परिजन तिये की रस्म के लिए नयापुरा मुक्तिधाम पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि अस्थियों के साथ छेड़छाड़ की गई है और कुछ अस्थियां गायब हैं। मौके पर तांत्रिक क्रियाओं के संकेत भी दिखाई दिए, जिससे परिजन आहत और आक्रोशित हो गए। घटना की सूचना मिलने पर वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका के बेटे ने नयापुरा थाने में अस्थियों के साथ छेड़छाड़ और अस्थियां गायब होने की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी 8 जनवरी को ही नयापुरा मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया था। नयापुरा पावर हाउस के पास खाई रोड निवासी कमला देवी गोयल का निधन 6 जनवरी को हुआ था। परिजनों ने उसी दिन शाम को नयापुरा मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया था। 8 जनवरी को तीसरी की क्रिया के लिए पहुंचे परिजनों को वहां अंतिम संस्कार स्थल पूरी तरह साफ मिला और अस्थियां व राख गायब थीं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने मुक्तिधाम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मुक्तिधाम में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *