कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने का एक मामला सामने आया है। उम्मेद पार्क, नयापुरा निवासी 75 वर्षीय महिला सुमन शर्मा का 22 दिसंबर को निधन हुआ था। आज परिजन तीसरे की रस्म अदा करने के लिए जब नयापुरा मुक्तिधाम पहुंचे, तो वहां रखी अस्थियां गायब मिलीं। यह देख परिजनों में शोक के साथ-साथ गहरा आक्रोश फैल गया। मृतका के पुत्र चितरंजन शर्मा ने बताया कि अंतिम संस्कार के दौरान एक संदिग्ध युवक ने क्रिया-कर्म के नाम पर उनसे पैसे मांगे थे। युवक ने धमकी दी थी कि पैसे नहीं देने पर अस्थियां नहीं मिलेंगी। उस समय परिजनों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन आज अस्थियां गायब मिलने से उनकी आशंका सच साबित हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर नयापुरा थाने पहुंचाया और पुलिस के सामने विरोध जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नयापुरा मुक्तिधाम से पहले भी अस्थियां चोरी होने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने मुक्तिधाम में सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्थायी सुरक्षा गार्ड की तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।


