भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर में विद्युत विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर किया। छत्तीसगढ़ राजकीय गीत व राष्ट्रगान का गायन हुआ। औपचारिक शुभारंभ के बाद विद्युत कंपनी परिवार की ओर से महापौर, सभापति सहित अन्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अभियंता शिलेदार ने विद्युत विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, मोर बिजली एप व आरडीएसएस योजना के लाभ बताते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान महापौर मंजूषा भगत ने विद्युत सेवाओं की सराहना कर कहा कि नगर निगम और विद्युत विभाग की सेवाएं एक-दूसरे की पूरक हैं और जनता को इन दोनों से बेहतर सुविधाओं की अपेक्षा रहती है। सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने विद्युत कर्मचारियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि जोखिम भरे हालात में भी वे शहर को रोशन रखते हैं। कोरोना काल में भी विद्युत कर्मियों का सेवा बहाल रखना सराहनीय कार्य है। कार्यक्रम में विद्युत विभाग द्वारा समय पर विद्युत देयक भुगतान करने वाले 25 उपभोक्ताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें घरेलू, गैर घरेलू, बीपीएल, किसान व सोलर यूनिट उपभोक्ता शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान पीएम सूर्यघर योजना की जानकारी मिलते ही महापौर मंजूषा भगत ने मौके पर ही सोलर यूनिट के लिए आवेदन किया और अन्य अतिथियों से भी रूफटॉप सोलर अपनाने का आह्वान किया। साथ ही विद्युत कर्मचारियों की मांग पर माखन विहार से कन्या परिसर तक सड़क निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की गई। मुख्य अभियंता ने प्रतापपुर रोड स्थित नए 33/11 केवी उपकेंद्र की जल्द शुरुआत की जानकारी देते हुए बेहतर विद्युत आपूर्ति का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।


