भास्कर न्यूज | अमलीपदर कुहीमाल पंचायत सहित आसपास के गांवों में नया बिजली कनेक्शन लगवाने के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बिजली विभाग के लाइन परिचारक (श्रेणी-1) घनश्याम कुमार बंजारे द्वारा प्रत्येक उपभोक्ता से 2000 रुपए की वसूली की जा रही है। स्थानीय लोगों और सरपंचों के अनुसार, यह वसूली “सर्वे के नाम पर दस्तक ना देने” की धमकी देकर की जा रही है। जब इस संबंध में अमली पदर में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता सागर ताम्रकार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे की प्रक्रिया पूर्णतः निशुल्क है और यदि किसी से पैसे लिए जा रहे हैं तो यह पूरी तरह से गलत है। उन्होंने मामले की शिकायत आगे बढ़ाने की बात कही है। गौरतलब है कि कनैक्शन के 3500 रुपए छोड़, एक पंचायत के 80 से 100 कनेक्शनों के 2000 रुपए प्रति उपभोक्ता की दर से अलग से वसूली की गई है, तो यह आंकड़ा लाखों रुपये में पहुंचता है। ऐसे में पूरे क्षेत्र में यह अवैध वसूली कितने बड़े पैमाने पर हो रही है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। साथ में फरसरा गांव के ऋषु नागेश के बिजली खंभा लगाने के नाम पर 45000 रुपए की मांग भी की है । कुहीमाल के सरपंच श्री पूर्वचन ध्रुवा ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने बंजारे से पूछा कि वह उपभोक्ताओं से 2000 क्यों ले रहे हैं, तो उनका जवाब था, “जहां शिकायत करनी है करो, मैं 2000 रुपए लूंगा, नहीं तो दस्तक नहीं करूंगा।


