नरसिंहपुर में कांग्रेस का धरना दूसरे दिन भी जारी:जिला पंचायत सीईओ पर कार्रवाई की मांग पर अड़े, बरमान में युवक को पीटा गया था

नरसिंहपुर जिले के बरमान रेतघाट पर 27 दिसंबर 2025 को एक युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में कांग्रेस का आंदोलन अब और तेज हो गया है। जिला पंचायत सीईओ पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में डटे हुए हैं। धरना स्थल पर मौजूद जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि आंदोलन को 24 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई भी बातचीत करने नहीं आया है। कांग्रेस का कहना है कि उन्होंने पहले ही साफ कर दिया था कि यदि संबंधित जिला पंचायत सीईओ अपनी गलती मानकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग लेते हैं, तो मामला सुलझाया जा सकता है। इसके बावजूद प्रशासन की चुप्पी कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ा रही है। सम्मान की लड़ाई: माफी मांगने पर अड़ी कांग्रेस सुनीता पटेल ने स्पष्ट किया कि यह धरना किसी व्यक्तिगत लड़ाई के लिए नहीं, बल्कि लोगों के सम्मान और प्रशासनिक जवाबदेही के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट का वीडियो और बयान सामने आने के बाद भी अधिकारी को बचाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस की मांग है कि अधिकारी अपनी गड़बड़ी पर खेद व्यक्त करें, क्योंकि जनता के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ठंड में सिगड़ी जलाकर रात भर डटे रहे कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही डेरा डाल दिया है। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर सिगड़ी जलाई और रात भर वहीं रुके रहे। अभी तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन नहीं दिया है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि यह आंदोलन आने वाले दिनों में और भी बड़ा रूप ले सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *