करेली पुलिस ने बस्ती रोड स्थित पाठक ज्वेलर्स में गैस कटर से चोरी का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी के प्रयास में प्रयुक्त गैस कटर उपकरण, सिलेंडर और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त किया है। बुधवार को आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना परिसर में जुलूस निकाला गया और बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। करेली थाना प्रभारी के अनुसार, पाठक ज्वेलर्स के संचालक शुभम पाठक ने 10 दिसंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 दिसंबर की रात वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 1 बजे उन्हें सूचना मिली कि अज्ञात चोर दुकान के शटर और चैनल गेट का ताला गैस कटर से काटने का प्रयास कर रहे हैं। इस शिकायत पर थाना करेली में अपराध क्रमांक 995/25 धारा 331(4), 62 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 23 दिसंबर को चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के प्रयास की घटना स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन ठाकुर उर्फ छोटू (19 वर्ष, निवासी खौडिया मोहल्ला आमगांव बड़ा), रिजवान अली (19 वर्ष, निवासी ढोगा मोहल्ला चीचली हाल राधा वल्लभ वार्ड करेली), अरबाज खान (19 वर्ष, निवासी ढोगा मोहल्ला चीचली) तथा मोहसिन खान उर्फ अयान (19 वर्ष, निवासी गांधी चौक आमगांव बड़ा) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एलपीजी सिलेंडर, पीतल का नोजल, एक मोटरसाइकिल और एक थैला जब्त किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।


