नरसिंहपुर के साईंखेड़ा क्षेत्र में गोवंश से जुड़ी एक घटना को लेकर आक्रोश है। इस मामले में गाडरवारा गोसेवा मंडल ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मंडल ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सड़क पर बछड़े का मिला था कटा सिर यह घटना दो दिन पहले साईंखेड़ा में सामने आई थी, जब सड़क पर एक बछड़े का कटा हुआ सिर मिला। इस घटना से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। बुधवार को गाडरवारा गौसेवा मंडल के सदस्यों ने इसी घटना के विरोध में अनुविभागीय अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा, सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई। अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया आश्वासन ज्ञापन तहसीलदार प्रियंका नेताम और थाना प्रभारी विक्रम रजक ने हासिल किया। अधिकारियों ने गोसेवा मंडल के प्रतिनिधियों को जल्द जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर गौसेवा मंडल के सोनू पटैल ने कहा कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई और पूर्व में गोवंश पर हुई घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान दिनेश गुर्जर, सोनू पटैल, कपिल रजक, महेंद्र भार्गव, मुकेश बसेडिया, शिवम रूसिया, कुलदीप तिवारी, पलाश सूर्यवंशी, अन्नू कश्यप, महेश छीपा, सचिन सोनी, राकेश कुशवाहा, राजदीप दुबे, हर्षित रूसिया, सुमित सोनी, कार्तिक खटीक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। सभी ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।


