नरसिंहपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सार्वजनिक स्थान पर खून से लथपथ नवजात का भ्रूण देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भ्रूण कुछ समय तक मौके पर मौजूद रहा, लेकिन किसी ठोस कार्रवाई से पहले वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। घटनास्थल पर पुलिस को कुछ नहीं मिला घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल पर किसी प्रकार का भ्रूण या शव नहीं मिला। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां कुछ भी नहीं पाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। इसका उद्देश्य भ्रूण के अचानक गायब होने के पीछे की सच्चाई का पता लगाना है। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


