वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 3 फरवरी को वनकर्मियों पर हुई फायरिंग के मामले में दो इनामी हमलावरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीम मिलकर इस मामले की जांच कर रही है। वन विभाग ने राजा उर्फ राजेंद्र लोधी और सेवक गौंड को पकड़े जाने की पुष्टि की है, जिन पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। हालांकि, पुलिस ने अभी इनकी गिरफ्तारी का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। इन दोनों से पूछताछ की जा रही है। हथियारों की हुई पहचान सुआतला थाना प्रभारी प्रियंका केवट के मुताबिक, गश्ती दल पर गोली चलाने में जिन बंदूकों का इस्तेमाल हुआ था, उनकी पहचान कर ली गई है। पुलिस जल्द ही इन हथियारों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। क्या थी पूरी घटना यह मामला 3 फरवरी का है, जब टाइगर रिजर्व में गश्त कर रहे वनकर्मियों पर हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। मौके से पुलिस को अवैध सागौन की लकड़ी, औजार और जानवरों के सींग मिले थे। इससे पहले 6 फरवरी को अन्नू पटेल नाम के व्यक्ति को पकड़ा गया था, जिसने इस हमले में शामिल अन्य लोगों के नाम बताए थे। इसके बाद ही विभाग ने आरोपियों पर इनाम घोषित किया था।


