नरियरा | नगर पंचायत नरियरा के मां बिलासा वार्ड क्रमांक 15 में बुधवार दोपहर घनश्याम केंवट के घर के पास रखे पैरा (पराली) में आग लग गई। तेज धुआं उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि आसपास रिहायशी मकान और दुकानें हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे पैरा से धुआं उठते देखा गया। लोगों ने शोर मचाकर आसपास के नागरिकों को सतर्क किया। स्थानीय लोगों ने बोर, पानी और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही जेएसडब्ल्यू दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मेहनत कर आग पर काबू पाया। वार्डवासी सुरक्षा व्यवस्था से नाराज दिखे। उनका कहना है कि क्षेत्र में बिजली की कमजोर तारें बार-बार शॉर्ट सर्किट का कारण बन रही हैं।


