कोडरमा| जिले के सभी अंचल मुख्यालयों में विशेष राजस्व कैंपों का आयोजन किया गया। इन कैंपों का उद्देश्य आम जनता को राजस्व संबंधी कार्यों का त्वरित निष्पादन प्रदान करना था। राजस्व विभाग के अनुसार, तीन दिनों के दौरान दाखिल-खारिज से संबंधित कुल 657 मामलों में से 186 मामलों को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा, 78 रैयतों को मौके पर ही शुद्धिपत्र (शुद्धि आदेश) प्रदान किए गए, जिससे जनता को सीधे लाभ हुआ। इसके अतिरिक्त, राजस्व से जुड़े 225 अन्य मामलों में से 66 मामलों का निपटारा भी मौके पर ही किया गया। इस प्रक्रिया से नागरिकों को त्वरित न्याय और सुविधाएं प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आम जनता को राजस्व सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार के विशेष कैंप समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि लोगों को और अधिक सुविधा मिल सके। कोडरमा|सेवा पखवाड़ा के तहत भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की ओर से 21 सितंबर को कोडरमा रेलवे स्टेशन परिसर एक विशेष चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी कोडरमा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित बड़े तिरंगे झंडे के नीचे शाम 3:30 बजे से शुरू होगी। सांसद सह महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित होगा, जिसमें उनके संघर्ष, उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में किए गए योगदान को दर्शाने वाले चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नितेश चंद्रवंशी, जो इस कार्यक्रम के संयोजक हैं, ने सभी ज्येष्ठ एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों और समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रदर्शनी को सफल बनाने की अपील की है। कोडरमा|जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सौजन्य से शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोडरमा, जयनगर एवं चंदवारा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोडरमा में आयोजित शिविर का उद्घाटन उपायुक्त ऋतुराज, अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, अपर समाहर्ता पूनम कुजूर एवं सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान उपाधीक्षक डॉ. रंजीत, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक महेश, जिला डेटा प्रबंधक पवन सहित स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


