पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल के नर्मदापुरम, इटारसी समेत 9 रेलवे स्टेशनों पर मंगलवार को सख्ती के साथ टिकट चैकिंग की गई। सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक एक साथ वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षक और टिकट चैकिंग स्टाफ ने अभियान चलाया। स्टेशन के बाहर निकलने वाले रास्तों की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के स्टेशन के बाहर न जा सके। इस दौरान इटारसी और नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर बगैर टिकट यात्रा करने वाले 148 यात्री और जनरल टिकट से स्लीपर और एसी कोच में यात्रा करने वाले 226 यात्री पकड़े गए। जिनसे कुल 2.20 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया। चैकिंग के दौरान बिना टिकट, बिना बुक कराए लोडिंग सामान लेकर यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की गई। इटारसी रेलवे स्टेशन आने-जाने वाली 25 गाड़ियों के यात्रियों की जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले कुल 119 यात्री पकड़े गए। उनसे 86 हजार 610 रुपए बतौर जुर्माना वसूला गया। इसी तरह अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले कुल 176 यात्रियों से 92 हजार 320 रुपए वसूले गए। इस दौरान बिना बुक कराए सामान लेकर यात्रा कर रहे एवं स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले 11 यात्रियों से 3100 रुपए जुर्माना किया गया। नर्मदापुरम स्टेशन पर 13 गाड़ियों की जांच
नर्मदापुरम स्टेशन पर 13 गाड़ियों के यात्रियों के टिकट की जांच की गई। बिना टिकट 29 यात्री पकड़े गए, उनसे 17 हजार 670 रुपए और अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 50 यात्रियों से रुपए 24 हजार 600 रुपए जुर्माना वसूला गया।


