नर्मदापुरम-पचमढ़ी में कड़ाके की ठंड:48 घंटे में 5.5 डिग्री लुढ़का पारा; पचमढ़ी में तापमान 6.4 डिग्री पहुंचा, अगले 3 दिन और गिरेगा

नर्मदापुरम जिले में बादल छंटने के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। तेज गति से चल रही उत्तरी हवाओं के कारण रात के न्यूनतम तापमान में साढ़े पांच डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 48 घंटों में नर्मदापुरम में रात का तापमान 5.4 डिग्री और पचमढ़ी में 5.6 डिग्री नीचे गिर गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट होने की संभावना जताई है। पिछले एक सप्ताह से लगातार रात के तापमान में बढ़त दर्ज हो रही थी, लेकिन पिछले दो दिनों से गिरावट बनी हुई है। 2 दिसंबर के बाद मिल सकती है राहत
मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में अगले तीन दिनों तक रात के तापमान 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकते हैं। 2 दिसंबर तक ठंड का प्रभाव ऐसा ही बना रहेगा। 2 दिसंबर के बाद हवा की दिशाएं बदलेंगी, जिसके बाद रात के तापमान में दोबारा से बढ़त की स्थितियां बन सकती हैं। वैज्ञानिक बोले- प्रति चक्रवात से बदला हवाओं का रुख
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एचए पांडे ने बताया कि प्रदेश के मध्य क्षेत्र में ऊपरी हवाओं का प्रति चक्रवात निर्मित हुआ है। इसके कारण हवाओं की दिशाएं बदली हैं। वर्तमान में सीधी गति से उत्तरी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण ठंड का प्रभाव बढ़ रहा है। दबाव के कारण बदलती है हवा की दिशा
डॉक्टर पांडे ने बताया कि ऊपरी हिस्सों में जब हवाएं एकत्र होती हैं तो दबाव निर्मित होता है। इसके बाद अधिक दबाव से कम दबाव की ओर हवाएं प्रवाहित होती हैं। इसी प्रक्रिया के कारण हवाओं की दिशाएं बदलती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *