नर्मदापुरम शहर में सिवरेज लाइन बिछाने का काम कर रही भुवन इन्फ्रा कम्पनी अब एचडीडी (HDD – Horizontal Directional Drilling) मशीन का उपयोग करेगी। सोमवार रात 2 बजे मीनाक्षी चौक से कंपनी ने HDD मशीन से अंडरग्राउंड पाइप डालने का काम शुरू किया। इस तकनीक के इस्तेमाल से शहर की सड़कों को खोदने की जरूरत नहीं होगी। शहर में पिछले तीन साल से अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन बिछाने का काम जारी है। इस दौरान कंपनी ने कई सड़कों को खोदा और कई बार अधूरा छोड़ दिया। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। मिट्टी धंसने के कारण तीन मजदूर दब गए, जिनमें से एक की मौत हो गई। HDD मशीन से काम शुरू होने के बाद इस तरह की परेशानियां कम होंगी और सड़कें दोबारा मेंटेनेंस की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस तरह काम करती है एचडीडी मशीन इंजीनियर मानसिंह चढ़ार ने बताया कि HDD मशीन एक ट्रेंचलेस (बिना खुदाई वाली) तकनीक है। इसमें सतह को नुकसान पहुंचाए बिना भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के लिए एक निर्देशित ड्रिलिंग मशीन का उपयोग होता है। यह सड़कों, नदियों या इमारतों के नीचे से गुजरते हुए पाइप के लिए सुरंग बनाती है और पाइप को खींचती है। यह पारंपरिक खुदाई की तुलना में कम लागत, तेज और पर्यावरण के अनुकूल तरीका है। पाइपलाइन सुरक्षित और सटीक ढंग से डाली जाएगी एचडीपीई पाइप को जमीन के अंदर एक रास्ता बनाकर डाला जाता है। इससे सड़कें ज्यादा खराब नहीं होती और काम तेजी से पूरा होता है। इसके साथ ही नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी की भी चिंता खत्म होगी।


