नर्मदापुरम के गांधी चौक स्थित कंप्यूटर सेंटर संचालक अब्दुल मतीन पर एक छात्रा ने दुर्व्यवहार और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया था। इस पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ABVP कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बता दें कि आठ महीने पहले संचालक से हुई मारपीट का एक VIDEO भी सामने आया है, जिसमें एक छात्रा संचालक को थप्पड़ मार रही है। AVBP ने कहा- कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन होगा
ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। संगठन ने कोचिंग संस्थानों की व्यवस्थाओं, रजिस्ट्रेशन और अन्य नियामक पहलुओं की जांच की भी मांग की है। प्रदर्शन में नगर मंत्री अभिषेक पटेल, दिव्यांश शर्मा, लवलेश गढ़वाल, हिमांशु शर्मा, आयुष शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। ABVP ने स्पष्ट किया कि वे शिक्षण संस्थानों में छात्राओं के शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहेंगे। अभाविप के जिला संयोजक मृदुल नाथ चौहान का कहना है कि इस प्रकार की अगर हरकत होगी तो छात्रों की शिक्षा समाज के लिए चिंता का विषय है। इस प्रकार शिक्षक भक्षक बनेगा, गुरु शिष्य परंपरा का हनन है। प्रशासन से मांग करते हैं कि सख्त कार्रवाई हो। संचालक बोला- समझाइश दी तो थप्पड़ मारे थे
कोचिंग संस्थान के संचालक अब्दुल मतीन का कहना है कि वीडियो 8 महीने पुराना है। जब छात्रा एक लड़के से बात करते दिखी थी। मैंने टीचर होने के नाते छात्रा को समझाइश दी कि कोचिंग में आप पढ़ाई करने आते हो, पढ़ाई पर ध्यान दें। डांटने के तीन चार दिन बाद छात्रा अपनी एक सहेली को लेकर आई। मुझे छात्र संगठन का हवाला दिया गया। छात्रा की सहेली ने उल्टा मुझे थप्पड़ मारे और उनके एक साथी ने मारपीट करने का वीडियो बनाया। बाद में मैने इसके लिए थाने में शिकायत नहीं की कि छात्रा की बदनामी होगी लेकिन अब 8 महीने बाद फिर मारपीट वाला वीडियो सोशल मीडिया पर डाल मुझ पर छात्रा से अपशब्द कहने, बदसलूकी, परेशान करने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। मेरी छवि, चरित्र को धूमिल और मेरे कोचिंग संस्थान को बदनाम करने की ये साजिश है। मैंने भी शुक्रवार को थाने में शिकायत की है। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।


