नर्मदापुरम में जनवरी की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी भी कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया और पर्यटकों ने इसका खूब लुत्फ उठाया। कोहरे के कारण रात के न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को जिले में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति रही, जिससे दिन के तापमान में करीब 9 डिग्री की बड़ी गिरावट आई। सीजन में पहली बार दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे (19.8 डिग्री) दर्ज किया गया। वहीं, रात का तापमान 13.4 डिग्री रहा। पचमढ़ी में रात का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और अधिकतम 20.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। क्यों छाया है कोहरा?
मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि जब हवाएं एकदम मंद होती हैं और ह्यूमिडिटी (नमी) 100% होती है, तब कोहरा बनता है। जब हवाओं के साथ नमी अधिक रहती है और तेज धूप निकलती है, तो अगले दिन ऐसी स्थितियां बनती हैं। रविवार के बाद से कोहरा कम होने की संभावना है। उत्तर से आ रही बर्फीली हवाएं बढ़ाएंगी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने और उत्तर भारत (हिमालय) से आ रही बर्फीली शुष्क हवाओं के कारण सर्दी तेज हुई है। आने वाले दिनों में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा। रिकॉर्ड: 2008 में 15.5 डिग्री पर आ गया था दिन का पारा
जिले में 2008 से 2026 के आंकड़ों को देखें तो 3 जनवरी 2008 को दिन का सबसे कम तापमान 15.5 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, पिछले साल (2025 में) 13 जनवरी को अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था।


