नर्मदापुरम में टंकी का वॉल्व टूटा, घरों में घुसा पानी:2 फीट तक डूबी सड़क, बारिश जैसे हालात; सुधरने आए थे कर्मचारी

नर्मदापुरम के रसूलिया चंदननगर में रविवार को नगरपालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां पानी की टंकी से अचानक तेज रफ्तार में पानी गिरने लगा, जिससे कुछ ही देर में कॉलोनी में बारिश जैसे हालात बन गए। सड़क पर करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया और करीब 15 घरों के अंदर पानी घुस गया। नगरपालिका के पेयजल शाखा कर्मियों की लापरवाही से हुए इस हादसे को लेकर कॉलोनी के लोग आक्रोशित हैं। जानकारी के मुताबिक, चंदन नगर फेस-1 वार्ड नंबर 23 में पानी की टंकी बनी हुई है। इस टंकी का वॉल्व ठीक करने के लिए नगरपालिका के कर्मचारी रविवार सुबह 11.15 बजे यहां पहुंचे थे। लापरवाही पूर्वक काम करने के दौरान वॉल्व पाइपलाइन से अलग हो गया। चूंकि टंकी पूरी भरी हुई थी, इसलिए भारी मात्रा में पानी ऊंचाई से बहने लगा। पानी का प्रेशर इतना तेज था कि देखते ही देखते 10-15 घरों में पानी भर गया। देखिए तस्वीरें… रहवासी बोले- टंकी भरी थी, पहले खाली करनी चाहिए थी कॉलोनी के शिवम चौहान, सिद्धार्थ उपाध्याय और दिलीप कुमार ने बताया कि वॉल्व की मरम्मत का काम सावधानी से किया जाना चाहिए था। जब टंकी पानी से लबालब थी, तो पहले घरों के नल के माध्यम से सप्लाई देकर टंकी को खाली करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि काम के दौरान मौके पर कोई भी टेक्निकल अधिकारी मौजूद नहीं था। सिर्फ नगरपालिका के छोटे कर्मचारी काम कर रहे थे। सुरक्षा साधनों का भी ध्यान नहीं रखा गया। कर्मचारियों की नासमझी के कारण ही यह घटना घटी, जिससे कॉलोनी वालों का नुकसान हुआ। वीडियो बनाने पर कर्मचारियों ने की बदसलूकी रहवासियों ने आरोप लगाया कि जब टंकी से पानी बहकर उनके घरों में घुस रहा था, तो वे उसका वीडियो बनाने लगे। इस दौरान वहां मौजूद नगरपालिका के कर्मचारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इंजीनियर बोले- स्पिंडल खराब था, घुमाते ही फ्री हो गया नगर पालिका के सब इंजीनियर ने बताया कि टंकी के वॉल्व का स्पिंडल खराब हो गया था। पानी की सप्लाई करने के लिए जैसे ही वॉल्व को थोड़ा घुमाया, वह अचानक से फ्री हो गया। चूंकि पानी की टंकी पूरी भरी हुई थी, इसलिए प्रेशर बहुत तेज था और पानी तेजी से बाहर निकलने लगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *