नर्मदापुरम में बांद्राभान रोड से पुलिस ने दो युवकों को एक कार को शराब तस्करी में पकड़ा है। कार से 31 हजार रुपए की अंग्रेजी ब्रांड की शराब और दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिसमें एक आरोपी अभिषेक राजपूत उर्फ वीर सिंह राजपूत निवासी आदर्शनगर आईटीआई रोड है। जो अनाज मंडी क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार करता है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक और उसके ड्राइवर नितिन सिसोदिया को बुधवार को कोर्ट पेश कर जेल भेज दिया। नए साल पर खपाने की थी तैयारी
31 दिसंबर और नए साल 2026 पर अवैध तरह से बेचने के लिए मंडीदीप, औबेदुल्लागंज की दुकानों से शराब को लाया गया था। पुलिस ने शराब माफिया की प्लानिंग को फैल कर दिया। शराब और न्यू स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राजपूत के खिलाफ शराब अवैध तरह से बेचने के करीब 10 अपराध पहले से दर्ज है। दूसरे आरोपी नितिन के खिलाफ मारपीट के दर्ज है। एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि थाना प्रभारी सौरभ पांडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नववर्ष को देखते हुए दो लोग अवैध शराब बेचने और उसका परिवहन करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक सुखनंदन नर्रे और प्रवीण शर्मा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। पुलिस टीम ने बांद्राभान रोड की ओर से नर्मदापुरम आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (MP05 ZH 3304) का पीछा किया और गोंदरी घाट, बांद्राभान रोड पर घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार में बैठे दोनों आरोपियों की पहचान नितिन सिसोदिया और अभिषेक राजपूत के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली। इसमें 5 पेटी देशी मदिरा प्लेन क्वार्टर, 3 बोतल रॉयल स्टैग और 4 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (750 एमएल), साथ ही 18 क्वार्टर रॉयल स्टैग और 8 क्वार्टर बैगपाइपर अंग्रेजी शराब शामिल है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 54.93 लीटर है, जिसकी कीमत करीब 31 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली है, जिसकी कीमत लगभग 9.5 लाख रुपए है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


