नर्मदापुरम में 10वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, मौत:पेरेंट्स मीटिंग से लौटकर आई थी, रिजल्ट में नंबर कम आए थे

नर्मदापुरम के शांतिकुंज में रहने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा शुभि राजपूत ने सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी मम्मी मंजू राजपूत छत पर धूप सेंकने गई थीं। मृतका शहर के सर्वाइट कन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग थी, जिसमें छात्रा और उसकी माता दोनों शामिल हुए थे। मीटिंग में प्री-बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट भी मिले, जिसमें शुभि का नंबर अपेक्षाकृत कम आया था। स्कूल से लौटने के बाद जब उसकी मां छत पर थीं, छात्रा ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। थोड़ी देर बाद मां ने नीचे आकर बेटी को फांसी के फंदे पर लटका देखा और पड़ोसियों की मदद से उसे प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत पर सदमे में परिवार
शुभि राजपूत के माता-पिता दुर्गेश और मंजू राजपूत बेटी की मौत से गहरे सदमे में हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन अंतिम संस्कार के लिए ले गए। मृतका की बड़ी बहन भोपाल में पढ़ाई कर रही है, जबकि पिता की दुकान है और मां महिला बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर हैं। देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। छात्रा की सुसाइड की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजनों के बयान के आधार पर ही कारणों का पता चलेगा। इस मामले ने इलाके में चिंता और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *