सर्व पितृ अमावस्या पर रविवार को खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में स्नान करने आया एक युवक डूब गया। ये घटना शाम करीब 4 बजे की है। युवक का अब तक कोई पता नहीं चला है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक डूबने के दौरान बार-बार मदद की गुहार लगाता रहा। घाट पर कोई सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं था। कोई भी उसकी मदद नहीं कर पाया। देखते ही देखते युवक नर्मदा नदी के तेज बहाव के बीच गहराई में समा गया। युवक का नाम विवेक पटेल है। 21 साल उम्र का विवेक खंडवा के संजय नगर का रहने वाला है। वह दोस्तों के साथ यहां आया था। जो नदी में नहाने उतरा और गहराई में चला गया। फिलहाल पुलिस और गोताखोर नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय पर मदद मिल जाती तो विवेक को नदी से निकाला जा सकता था। वीडियोग्राफी का काम करता था विवेक
विवेक वीडियोग्राफी का काम करता था। उसके पिता अरुण पटेल इलेक्ट्रीशियन हैं। परिवार मूल रूप से भोजाखेड़ी के पास बरूड़ गांव का रहने वाला है। विवेक तीन भाइयों में सबसे छोटा है। दरअसल, ओंकारेश्वर बांध के गेट खुले रहने से नर्मदा का बहाव लगातार तेज है। अमावस्या पर यहां एक लाख से ज्यादा लोग जुटे थे। पिछले एक महीने में नर्मदा नदी में डूबने की यह चौथी घटना है। श्रद्धालुओं का कहना है कि घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं। एक और हादसा, ब्रिज की रेलिंग से गिरा श्रद्धालु
ओंकारेश्वर में रविवार को ही एक और हादसा हो गया। नए ब्रिज से पुराने ब्रिज को जोड़ने वाले एक ब्रिज की रेलिंग से एक श्रद्धालु गिर गया। बताया जा रहा है कि उसका पैर फिसल गया था। वह सिर के बल चट्टान पर गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा ब्रह्मेश्वर मंदिर के पास शाम करीब 5 बजे हुआ है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 50 साल होने का अनुमान लगाया जा रहा है।


