बड़वानी जिला मुख्यालय से 4 किलोमीटर दूर नर्मदा नदी में डूबने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई है। हादसा सोमवार दोपहर ढाई बजे हुआ। बालक परिजन के साथ सोमवती अमावस्या पर स्नान के लिए पानसेमल से आया था। बालक कार्तिक पिता सेमा बैकवाटर के समीप स्नान कर रहा था। तभी वह गहराई में जाकर डूब गया। बालक को डूबते देख चीख पुकार मच गई। लोगों ने देखा तो बचाने के लिए पानी में कूद गए। बालक को पानी से बाहर निकालकर निजी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक को मृत हालत में देख माता-पिता फूट-फूटकर रोने लगे। वहीं अन्य लोगों की आंखे भी नम हो गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुजारी बोले- प्रशासन की लापरवाही, पुलिस तैनात नहीं थी दत्त मंदिर पुजारी सचिन शुक्ला ने बताया कि प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। आज प्रशासन यहां पुलिस जवान तैनात कर रखता तो ये घटना घटित नहीं होती। बैकवाटर के कारण जलस्तर उतर रहा है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को अंदाजा नहीं रहता कि कहा कितना पानी है। या गड्ढा है। प्रशासन ने ध्यान देना चाहिए।


