नर्रा| ग्राम नर्रा के शासकीय बालक कन्या प्राथमिक शाला में वसंत पंचमी पर्व पर सरस्वती पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्व पालन वसंत ऋतु की जानकारी व छात्र-छात्राओं में सह संज्ञानात्मक क्षेत्र के अन्तर्गत अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना था। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने सरस्वती माता को ज्ञान की देवी बताते हुए कहा कि वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की विशेष पूजा अर्चना की जाती है। मान्यता है कि वसंत पंचमी के दिन देवी सरस्वती का अवतार हुआ था। इसलिए इस दिन मां सरस्वती की विशेष पूजा की जाती है। सभाध्यक्ष पोमेश्वरी बेलदार कहा कि वसंत ऋतुओं की राजा हैं। मौसम परिवर्तन होता है और पेड़ पौधे अपने पत्ते झड़ते हैं और नई कोंपलें निकलती है। आम में बौर आना प्रारंभ होता है। इस दौरान रेशमा पटेल ने कहा कि मां सरस्वती कमल के फूलों पर विराजमान हैं। मां सरस्वती के अवतरण दिवस के रूप में उनकी पूजा अर्चना की जाती है व ज्ञान दायिनी मां के कारण ही आज के दिन विद्यारंभ संस्कार कर बच्चों को स्कूल में दाखिल कराते हैं। इस मौके पर समस्त विद्यालयीन स्टाफ व भूमिका पटेल, ज्योति निषाद सहित अन्य लोग मौजूद थे।


