हनुमानगढ़ में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के बैनर तले नर्सिंग कर्मियों का बेमियादी धरना बुधवार को भी सीएमएचओ कार्यालय परिसर में जारी रहा। नर्सिंगकर्मी 22 दिसंबर को जारी कार्यव्यवस्था आदेश को रद्द करने और अपनी अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गुगनराम सहारण ने बताया कि सीएमएचओ कार्यालय द्वारा 22 दिसंबर को जारी कार्यव्यवस्था आदेश पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। इस आदेश के तहत नर्सिंग ऑफिसर दीपिका शर्मा को बिना किसी ठोस कारण के लाल चौक स्थित राजकीय चिकित्सालय में स्थानांतरित किया गया है। सहारण ने इस आदेश को नर्सिंग अधिकारियों के सम्मान और अधिकारों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि विभाग इस आदेश को निरस्त नहीं कर रहा है, जिससे नर्सिंग कार्मिकों में असंतोष गहराता जा रहा है। एसोसिएशन की एक अन्य प्रमुख मांग एनसीडी क्लिनिक के पोर्टल के संचालन से संबंधित है। सहारण ने कहा कि इस पोर्टल का संचालन केवल मेडिकल ऑफिसर (एमओ) द्वारा ही किया जाना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में स्पष्ट और लिखित आदेश जारी करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की मनमानी या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। सहारण ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन समय रहते संवाद कर समाधान नहीं निकालता है, तो शुक्रवार को संगठन द्वारा रणनीति तैयार कर एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार अनदेखी से नर्सिंग कार्मिकों में असंतोष बढ़ रहा है।


