आगर मालवा के नलखेड़ा में एक 22 वर्षीय विवाहिता अपने कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिली। इस संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी लगभग छह वर्ष पहले हुई थी। वह दो छोटे बच्चों की मां थी, जिनमें एक बच्चे की उम्र करीब तीन वर्ष और दूसरे की उम्र डेढ़ वर्ष बताई जा रही है। बताया गया है कि बीते कुछ समय से परिवार से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात महिला अपने कमरे में संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटकी मिली। परिजनों की सूचना पर नलखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और परिवारजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि तथ्यों के सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


