महासमुंद| जिला प्रशासन महासमुंद के प्रयासों और युवाओं की मेहनत का बड़ा परिणाम सामने आया है। एसएससी जीडी 2025 के घोषित फाइनल नतीजों में स्थानीय नवकिरण अकादमी और जिला ग्रंथालय के 7 अभ्यर्थियों ने बाजी मारी है। इन युवाओं का चयन देश के प्रमुख सुरक्षा बलों— सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ के विभिन्न पदों पर हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में उमेश खूंटे, डोमन साहू, खेमराज सोनी, नंदलाल ध्रुव, तोरण ध्रुव, लिलाधर महानंद और सितेंद्र कुमार सिन्हा के नाम शामिल हैं। इन युवाओं की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। जिला समन्वयक डी. बसंत साव ने बताया कि नवकिरण अकादमी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस संस्थान से अब तक विभिन्न सरकारी पदों पर चयनित होने वाले कुल अभ्यर्थियों की संख्या 134 पहुंच गई है। यह आंकड़ा जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। नवकिरण अकादमी में जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क और बेहतर माहौल प्रदान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता रही है।


