भास्कर न्यूज | नवकेशा ग्राम पंचायत नवकेशा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के सामने बारिश का पानी भर गया है। ऐसे में यहां छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या कई वर्ष से बनी हुई है, लेकिन पंचायत प्रतिनिधि के उदासीनता के कारण अब तक समाधान नहीं निकल पाया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र के सामने हर बारिश में पानी भर जाता है, जिससे छोटे बच्चों को केंद्र तक पहुंचने में काफी मुश्किल होती है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी जाते हैं, जिससे उन्हें चोट लगने का डर बना रहता है। गर्भवती महिला और स्वयं कार्यकर्ता को भी इस जलजमाव के कारण आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर खुले मैदान में जलभराव के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। आए दिन बच्चे फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे पालक चिंतित हैं। पंचायत में जल निकासी व्यवस्था करने की मांग ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार पंचायत में शिकायत की गई है, लेकिन पंचायत प्रतिनिधि इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मांग की है कि जल्द से जल्द आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए ताकि इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके और बच्चों, गर्भवती महिलाओं और कार्यकर्ताओं को सुरक्षित आवाजाही मिल सके।


