नवरात्र: कवि सम्मेलन में मां दुर्गा की आराधना

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शारदीय नवरात्र के अवसर पर मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में भारतेंदु भवन में कवि-सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार और पूर्व बीईओ एसपी जायसवाल ने की, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के जिला समन्वयक राजेश तिवारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. उमेश पांडेय, आचार्य दिग्विजय सिंह तोमर और पूर्व प्राचार्य मदनमोहन मेहता शामिल हुए। संचालन संस्था की प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ कवयित्री आशा उमेश पांडेय ‘अविरल’ ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां वीणापाणि के चित्र पर पुष्प अर्पण व दीप प्रज्वलन से हुई। कवयित्री पूनम दुबे ‘वीणा’ की सरस्वती वंदना ने माहौल भक्तिमय कर दिया। सम्मेलन में आशा पांडेय, माधुरी जायसवाल, सीमा तिवारी, मीना वर्मा, पूनम पांडेय, अंबरीष कश्यप, विनोद तिवारी, प्रताप पांडेय, रामलाल विश्वकर्मा सहित कई रचनाकारों ने मां दुर्गा की महिमा, सामाजिक सरोकार और मानवीय भावनाओं पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कीं। संस्था के जिलाध्यक्ष मुकुंदलाल साहू ने अपने दोहों में मां से जनकल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर रामप्यारे रसिक की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रतिभाओं को सम्मानित करने की घोषणा भी की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *