नवलगढ़ के बसावा गांव में बुधवार शाम छह बजे के करीब एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शाम करीब छह बजे कांकड़ की जोहड़ी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, कोलसिया निवासी 18 वर्षीय नितिन कुमार पुत्र बीरबल दूत अपने साथी सुमित पायल के साथ दवा लेने के लिए सीकर गए थे। वापस लौटते समय, सड़क पर अचानक आए एक गड्ढे से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पास खड़े एक पेड़ से जा टकराई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को नवलगढ़ के जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने नितिन कुमार को मृत घोषित कर दिया। सुमित पायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सीकर रेफर कर दिया गया है। मृतक नितिन कुमार के पिता का निधन दो वर्ष पहले हो चुका था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


