नववर्ष का श्याम कीर्तन व सुंदरकांड पाठ से किया स्वागत, सालासर में कन्हैया मित्तल ने सुनाए भजन

भास्कर संवाददाता | चूरू नए साल की पूर्व संध्या व नए साल के स्वागत में शहर में बुधवार व गुरुवार को श्याम संकीर्तन, सुंदरकांड पाठ और पौषबड़े सहित कई कार्यक्रम हुए। दादाबाड़ी में श्याम सेवा समिति, श्याम परिवार के तत्वावधान में श्याम मस्त सखा मंडल की ओर से चौथा श्रीश्याम संकीर्तन हुआ। बुधवार सुबह पंचमुखी बालाजी मंदिर से दादाबाड़ी तक सुबह 11.15 बजे पालकी यात्रा निकाली गई। शाम 8 बजे दादाबाड़ी मे संकीर्तन हुआ। हिमांशु शर्मा, आशीष शर्मा, आशु, राजपुरोहित कोलकाता, मेहुल शर्मा व बजरंग शर्मा ने बाबा श्याम के दरबार में भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक आयोजन चला। इधर, तारानगर रोड स्थित चमत्कारी बालाजी मंदिर में बिसाऊ के गायक टीकूराम महर्षि के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ हुआ। इससे पहले बालाजी महाराज की ज्योत ली गई। पाठ में महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। बालाजी धाम समूह के अमित गुर्जर सहित अन्य भक्तों ने बालाजी का फूलों से शृंगार किया। पौषबड़ा कार्यक्रम भी हुआ। अगूणा मोहल्ले के संचियाय माता मंदिर में भजन संध्या हुई। आयोजक अभय सिंगी ने बताया कि कलाकार पवन कुमार, सुरेन्द्र तंवर ने प्रस्तुति दी। इससे पहले मां संचियाय की आरती की गई। इधर, गायत्री शक्तिपीठ में नववर्ष पर एक कुंडीय गायत्री यज्ञ में गुरुवार सुबह आहुतियां दी गई। विश्व शांति की कामना करते हुए यज्ञ में गायत्री महामंत्र, महामृत्युंजय मंत्र सूर्य मंत्र आदि मंत्रों की आहुतियां दी गई। संचालन राम सिंह राठौड़ ने किया। व्यवस्थापक उम्मेदसिंह राठौड़ ने बताया कि इस दौरान देव किशन सैनी, पृथ्वीराज सैनी आदि मौजूद रहे। स्थानीय नया बास में क्षेत्रपाल बालाजी महाराज सेवा समिति के तत्वावधान में पौषबड़ा कार्यक्रम हुआ। ताराचंद सैनी सहित समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *