जामताड़ा जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर्वत बिहार नववर्ष के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। पहाड़ की चोटी पर स्थित इस रमणीय स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है। परिसर की दीवारों पर उकेरी गई रंग-बिरंगी आदिवासी संस्कृति की पेंटिंग, भरतनाट्यम की कलात्मक झलक और अन्य कलाकृतियां पर्यटकों को खूब लुभा रही हैं। शाम होते ही की गई आकर्षक लाइटिंग से पूरा इलाका रोशनी में नहाया नजर आता है, जिससे पर्वत बिहार की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है। दिसंबर के अंतिम दिनों से ही यहां सैलानियों की भीड़ उमड़ने लगी है। परिवार, बच्चे और युवा प्राकृतिक वातावरण के बीच नए साल का स्वागत करने पहुंच रहे हैं। ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां से दूर-दूर तक फैली हरियाली और घाटियों का मनमोहक दृश्य दिखाई देता है। जानवरों की प्रतिमाएं और बुद्ध प्रतिमा बनीं खास आकर्षण नववर्ष के मद्देनजर पर्वत बिहार में विशेष रौनक देखने को मिल रही है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग घूमने और मनोरंजन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही हाथी, खरगोश, जिराफ, कछुआ, कंगारू और शेर सहित विभिन्न जानवरों के आकर्षक स्टैच्यू पर्यटकों का स्वागत करते हैं। बच्चों के लिए यह स्थल किसी रोमांचक पार्क से कम नहीं है। वहीं नए साल को ध्यान में रखते हुए भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं भी परिसर में स्थापित की गई हैं, जो शांति और सुकून का एहसास कराती हैं। चारों ओर लगे रंग-बिरंगे फूल और हरियाली इस पर्यटन स्थल की सुंदरता को और निखार रहे हैं। यही वजह है कि कई कलाकार अपने एल्बम शूट और वीडियोग्राफी के लिए भी पर्वत बिहार को पसंद कर रहे हैं। मनोरंजन की पूरी व्यवस्था पर्यटकों की सुविधा और मनोरंजन के लिए पर्वत बिहार में ओपन जिम, झूले, हाथी स्लाइड, बेंच, सी-सॉ समेत बच्चों के खेलने के अनेक आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इसके साथ ही शौचालय और कैंटीन की भी बेहतर व्यवस्था की गई है। पहाड़ की चोटी पर बने गोलघर में बैठकर सैलानी आसपास की खूबसूरत वादियों का आनंद लेते नजर आते हैं। यहां से दिखने वाला सूर्योदय और सूर्यास्त का दृश्य पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है। पर्वत बिहार में कार्यरत कर्मी गुड्डू महतो के अनुसार, यहां करीब 10 कर्मचारी तैनात हैं। जामताड़ा के अलावा सीमावर्ती पश्चिम बंगाल, धनबाद और गिरिडीह से भी बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचते हैं। खासकर नववर्ष के दिन पर्वत बिहार में भारी भीड़ उमड़ती है और यह स्थल उत्सव का केंद्र बन जाता है।


