शहडोल के जैतपुर थाना क्षेत्र के खाड़ा गांव में एक नवविवाहिता संगीता प्रजापति (25) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार देर शाम की है। पुलिस के अनुसार, संगीता के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घर से सटे खलिहान में शव छिपाने की कोशिश हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर से सटे खलिहान में छिपाने की कोशिश की। परिजनों के तलाश शुरू करने पर नवविवाहिता का शव खलिहान में घास के ढेर के बीच मिला। सूचना मिलने पर जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 13 घंटे बाद मौके पर पहुंची FSL टीम परिजनों ने बताया कि स्थानीय पुलिस समय पर पहुंच गई थी, लेकिन फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम 13 घंटे बाद शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान शव रात भर मौके पर ही पड़ा रहा। पुलिस ने शनिवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जैतपुर अस्पताल भेजा। जेठ पर विवाद के बाद हत्या की आशंका पुलिस के अनुसार, घटना के दिन शुक्रवार सुबह संगीता के पति काम पर चले गए थे। संगीता घर पर अपनी सास और जेठ के साथ थी। शुक्रवार शाम को संगीता का अपने जेठ के साथ विवाद हुआ, जिसमें सास भी मौजूद थी। यह विवाद इतना बढ़ गया कि संगीता की हत्या कर दी गई। परिजनों को हिरासत में लेकर जांच कर रही पुलिस जैतपुर पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है। कुछ परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जैतपुर थाना प्रभारी जियाउल हक ने बताया कि खाड़ा गांव में नवविवाहिता का शव मिला है। FSL टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है। कुछ संदिग्ध परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


