नवसंवत्सर दंगे का मास्टरमाइंड गिरफ्तार:करौली नगर परिषद की पूर्व सभापति का बेटा अमीनुद्दीन प्रोडक्शन वारंट पर पकड़ा गया

करौली में अप्रैल 2022 में हुए नवसंवत्सर दंगे के मुख्य आरोपी अमीनुद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमीनुद्दीन करौली नगर परिषद की पूर्व सभापति रशीदा खातून का बेटा है। उसे उप जिला कारागृह हिण्डौन सिटी से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अमीनुद्दीन को कुछ दिन पहले ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से क्रिकेट का सट्टा लगाने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसी मामले में वह हिण्डौन सिटी जेल में बंद था। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि 2 अप्रैल 2022 को हिन्दू नववर्ष नवसंवत्सर के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा और बाइक रैली पर सुनियोजित तरीके से पथराव, आगजनी और हिंसा की घटना हुई थी। इस दौरान दोनों समुदायों के लगभग 30 लोग घायल हुए थे, जबकि करीब 80 लोगों की निजी एवं सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा था। एसपी सोनवाल के अनुसार, नवसंवत्सर के दिन शाम करीब 4 बजे रामद्वारा करौली से शोभायात्रा रवाना हुई थी। जब यह शोभायात्रा फूटाकोट व हटवाड़ा पहुंची, तो कुछ मकानों की छतों से अचानक पथराव शुरू हो गया, जिससे भगदड़ मच गई। हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस बल पर भी हमला किया गया और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हिंसा की साजिश पहले से रची गई थी। पूछताछ, ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग, वीडियो साक्ष्य, स्वतंत्र गवाहों के बयान और तकनीकी अनुसंधान से आरोपी अमीनुद्दीन की भूमिका प्रमाणित हुई है। उस पर घटना के बाद साक्ष्य नष्ट कराने के भी आरोप हैं। इस प्रकरण में पहले 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी लोकेश सोनवाल ने यह भी बताया कि आरोपी अमीनुद्दीन दंगे और हमले का कथित मास्टरमाइंड है। घटना से तीन दिन पहले आरोपी ने एक बैठक भी की थी। पुलिस का कहना है कि मामले में मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अमीनुद्दीन की अन्य आरोपियों के साथ फोन कॉल और घटनास्थल से तुरंत साफ सफाई करवा कर साक्ष्य नष्ट करने के भी आरोप प्रमाणित हुए हैं। आरोपी के खिलाफ करौली, गंगापुर, रामगंज जयपुर, हिंडौन में अवैध हथियार, दंगा फसाद, आरपीजीओ एक्ट सहित पांच मामले दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी में अनुसंधान अधिकारी एएसपी संतराम, एएसपी गुमनाराम, करौली डीएसपी अनुज शुभम एएसआई सुरेंद्र सिंह सहित अन्य की प्रमुख भूमिका रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *