राजनांदगांव| बजरंगपुर नवागांव में हुए दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर कांग्रेसियों द्वारा ढोल पीटे जाने को महापौर मधुसूदन यादव ने कांग्रेसियों का घड़ियाल आंसू बताया। उन्होंने कहा है कि दोषी एवं लापरवाह पुलिस कर्मचारियों के निलंबन सहित जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की जा चुकी है। महापौर ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ घटे दुखद नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती है और सभ्य मानव समाज में इस तरह के अपराध किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य हैं। इस परिप्रेक्ष्य में पीड़ित परिवार को जीवनयापन के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता दी जा चुकी है और यथासंभव रोजगार के अवसर प्रदान करने का आश्वासन विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह द्वारा दिया गया है। उसके बावजूद कांग्रेसी लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।


