नवा रायपुर में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब वहां के सभी सरकारी दफ्तर सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। मंत्रालय, एचओडी भवन के साथ ही जितने भी सरकारी विभाग हैं, उन सब में 24 घंटे सोलर एनर्जी सप्लाई होगी। इससे नवा रायपुर का बिजली बिल का खर्चा आधे से भी कम हो जाएगा। इतना ही नहीं नवा रायपुर में स्थित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, नए बन रहे सभी रेलवे स्टेशन और आने वाले समय में बनने वाला नया विधानसभा भवन में सोलर बिजली से ही काम होगा। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके लिए क्रेडा 10 मेगावॉट का नया सोलर प्लांट नवा रायपुर में ही लगाएगा। योजना पूरी तैयार है और सरकार को भी भेजी जा चुकी है। इस पर सैद्धांतिक सहमति भी बन गई है। जल्द ही नए सोलर प्लांट का काम शुरू हो जाएगा। देश के सभी राज्यों में सोलर बिजली को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत सभी राज्यों में बड़े-बड़े सरकारी भवनों और निजी जगहों पर सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत राजनांदगांव में बड़ा सोलर प्लांट लगाने का काम पूरा हो गया है। छत्तीसगढ़ क्रेडा की इस योजना को केंद्र सरकार ने भी सराहा है। नया पॉवर प्लांट लगाने के लिए केंद्र सरकार से भी बड़ी मदद मिलेगी। इस वजह से अफसरों का दावा है कि यह काम जल्द शुरू होकर जल्द खत्म होगा। अफसरों का लक्ष्य है कि अगले साल तक यह काम हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। जहां जितनी खपत, उसके अनुसार प्लांट लगते जाएंगे क्रेडा के अफसरों के अनुसार नवा रायपुर में मंत्रालय, सरकारी और कई निजी संस्थानों के साथ ही सीएम हाउस, मंत्रियों के बंगले भी हैं। इन सभी जगहों पर बिजली सोलर प्लांट से ही पहुंचाई जाएगी। इसके लिए जिस जगह पर जितनी खपत होगी वहां उतना मेगावॉट का प्लांट लगेगा। 10 मेगावाट बिजली का उत्पादन ग्रिड कनेक्टेड सौर ऊर्जा संयंत्रों से किया जाएगा। इस योजना के तहत भविष्य में नवा रायपुर सोलर सिटी के रूप में पहचानी जाएगी। नवा रायपुर में जो प्राइवेट कंस्ट्रक्शन हो रहे हैं उनसे भी कहा जाएगा कि वे सोलर बिजली का ही उपयोग करें। इंटरनेशनल स्टेडियम में भी जितने किलोवाट की जरूरत होगी वहां भी उसी के अनुसार नया प्लांट लगेगा। किस प्लांट में कितना खर्चा आएगा इसकी इस्टीमेट भी क्रेडा वाले ही तैयार करेंगे।


