झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना की पहल पर मंगलवार को थांदला में तहसील स्तरीय जनसुनवाई हुई। इस दौरान लोगों की समस्याओं को सुना गया और मौके पर ही अधिकारियों को उनके निपटारे के आदेश दिए गए। जनसुनवाई में जवाहर नवोदय विद्यालय के बच्चों के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि स्कूल के पास बने ‘डंपिंग ग्राउंड’ और कचरे की बदबू से बच्चों की पढ़ाई और सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। कलेक्टर ने इस पर तुरंत नगर परिषद के मुख्य अधिकारी (CMHO) को कचरे के ढेर को वहां से तत्काल हटाने के निर्देश दिए। पढ़ाई में अव्वल छात्र को नहीं मिली छात्रवृत्ति ग्राम खजुरी के रहने वाले गोपाल ने शिकायत की कि उनके बेटे राज ने राष्ट्रीय स्तर की मेरिट परीक्षा पास कर ली है, लेकिन उसे अभी तक छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) का लाभ नहीं मिला। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को पूरी जांच कर रिपोर्ट पेश करने को कहा है ताकि बच्चे को उसका हक मिल सके। पानी और सड़क की समस्याओं पर कड़े निर्देश ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कई फैसले लिए। भैरूगढ़ में नया हैंडपंप लगाने और गोरिया खांदन स्कूल के पास खराब हैंडपंप को तुरंत सुधारने के आदेश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नई सड़क बनाने और रास्तों से अवैध कब्जे (अतिक्रमण) हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया गया। मौके पर आए दर्जनों आवेदन थांदला के इस विशेष शिविर में कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए। इसी समय जिला मुख्यालय पर भी जनसुनवाई हुई, जहां 32 आवेदनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जितेंद्र सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


