झालावाड़ में नशामुक्ति अभियान को एक नई दिशा देते हुए जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शुक्रवार शाम को मिनी सचिवालय में वर्ष 2025 के लिए एक विशेष कैलेंडर का विमोचन किया। यह कैलेंडर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और सुशीला देवी चेरिटेबल सोसायटी के संयुक्त प्रयास से तैयार किया गया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक रामनिवास यादव ने बताया कि इस कैलेंडर को एक खास उद्देश्य के साथ डिजाइन किया गया है। इसमें नशामुक्ति से जुड़े प्रेरक संदेश और जागरूकता की सामग्री को शामिल किया गया है। विभाग की योजना है कि इस कैलेंडर को सभी सरकारी कार्यालयों में लगाया जाएगा और आम जनता तक भी इसे पहुंचाया जाएगा। यह पहल जिले में चल रहे नशामुक्ति अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिसका मुख्य लक्ष्य समाज को नशे की लत से मुक्त करना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में सुशीला देवी चेरिटेबल सोसायटी के प्रतिनिधि दीपक मौजूद रहे।


