लुधियाना | लुधियाना में नशा मुक्ति केंद्रों की आड़ में मादक दवाओं का गोरखधंधा सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जालंधर टीम ने बुधवार को डॉक्टर अमित बंसल के कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान अफसरों ने बड़ी संख्या में दस्तावेज और मरीजों से जुड़े रिकार्ड अपने कब्जे में लिए। ईडी ने जांच के तहत डॉक्टर बंसल और उनके परिवार द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्रों के करीब 21 करोड़ रुपए के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई नशे के इलाज के नाम पर चल रहे अवैध धंधे और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई है। डॉक्टर बंसल पर आरोप है कि उन्होंने नशा छुड़ाने की दवाएं नशे के शिकार लोगों की बजाय गैर-पंजीकृत व्यक्तियों को बेचीं। उनके केंद्रों से बड़ी मात्रा में दवाइयां गायब मिलीं। पूछताछ में उन्होंने दावा किया कि बची हुई दवाएं वापस कंपनियों को भेज दी गई थीं, लेकिन ईडी इस दावे की जांच कर रही है।


