अंबिकापुर | अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी अंबिकापुर शाखा द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर युवा भारत’ अभियान के तहत जन शिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर कर उन्हें स्वस्थ और संयमित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। मुख्य अतिथि डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि सरगुजा जिले में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने समाज और संगठनों से इस मुहिम में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य गिरीश गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में सहायक होते हैं। निदेशक एम. सिद्दीकी ने प्रजेंटेशन के माध्यम से नशे से हो रहे राष्ट्रीय नुकसान को दर्शाया। इस दौरान अणुव्रत सोसायटी द्वारा संयमित जीवनशैली पर आधारित “अणुव्रत गीत’ प्रस्तुत किया गया। राज्य संयोजक ममोल कोचेटा ने संस्था की वार्षिक गतिविधियों की जानकारी दी, वहीं आरसीटी डायरेक्टर एसके गुप्ता ने युवाओं में नशे की बढ़ती लत पर चिंता जताई और परिवारों से सतर्क रहने का आग्रह किया। सामाजिक नाटकों में भाग लेने वाले युवाओं को सम्मानित भी किया गया।


