भास्कर न्यूज | अमृतसर नशीली दवाइयां बेचने वाले 2 मेडिकल स्टोरों का सील किया गया। इसके अलावा एक का लाइसेंस रद्द और 10 के निलंबित किए गए हैं। वीरवार को सुल्तानविंड इलाके में ड्रग इंस्पेक्टर बबलीन कौर की अगुवाई में टीम ने एम/एस बाबा दीप सिंह जी मेडिकल स्टोर की जांच की। जहां 15,734 रुपए की 8 तरह की दवाइयां जब्त की गईं। इनमें 100 प्रेगाबालिन कैप्सूल शामिल थे। इस मामले में थाना सुल्तानविंड में केस दर्ज किया गया है और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है। इसके बाद टीम कटड़ा शेर सिंह स्थित एम/एस सत मेडिसिन ट्रेडर्स पहुंची तो दुकान बंद मिली। बार-बार संपर्क करने पर भी संचालक ने जवाब नहीं दिया तो दुकान को सील कर दिया गया। इसके अलावा ड्रग्स रूल्स के उल्लंघन पर कई मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस रद्द या निलंबित किए गए। इनमें जीएनडीएच के बाहर स्थित प्रभ मेडिकोस का लाइसेंस रद्द किया गया। बस स्टैंड के सामने शर्मा मेडिकल स्टोर को 30 दिन, वीपीओ बुताला स्थित पड्डा मेडिकल स्टोर को 45 दिन के लिए निलंबित किया। इसके अलावा 8 और केमिस्टों के लाइसेंस ड्रग्स रूल्स के उल्लंघन पर सस्पेंड किए गए।


